Breaking News

फुलवरिया घाट पर चचरी पुल बनने से आम लोगो को राहत

फोटो-फुलवरिया घाट पर बना चचरी पुल।
बैरगनिया। लालबकैया नदी के फुलवरिया घाट पर ध्वस्त डायवर्सन पर बने चचरी पुल के सहारे पूर्वी चंपारण से पैदल, बाइक से आवागमन बहाल होने से लोगों ने राहत की सांस ली है। मिली जानकारी के अनुसार पिछले सप्ताह लालबकैया नदी में आई उफान से फुलवरिया घाट पर बना डायवर्सन ध्वस्त हो गया था। दो दिनों तक प्राइवेट नाव का परिचालन हुआ लेकिन प्रशासन की रोक के बाद लोग लालबकैया नदी के ऑफिस घाट स्थित रेल पुल होकर बाइक को पार कर व पैदल यात्रा करने लगे। 

एसडीओ सिकरहना ज्ञान प्रकाश ने रेल पुल होकर जान जोखिम में डालकर यात्रा को गंभीरता से लेकर बैरगनिया व गुरहनवा रेलवे स्टेशन को आवश्यक करवाई का निर्देश जारी किया। इधर तबतक स्थानीय स्तर पर लोगों ने फुलवरिया घाट पर 2 फिट का चचरी व 3 तीन फिट के पटरी का उपयोग कर बाइक, पैदल को आने-जाने लायक बना दिया लेकिन उस खतरनाक रास्ते से लोग जैसे-तैसे आने-जाने लगे। लोगों की पीड़ा को देखकर स्थानीय स्तर पर शुक्रवार को लंबा चचरी को डालकर आसानी से लोगों को पैदल एवं बाइक से आर-पार करने लायक बना दिया है। रौतहट नेपाल, बैरगनिया सहित जिले के विभिन्न क्षेत्र से बाइक से पहुचे लोग अब आसानी से चचरी पुल के रास्ते गंतव्य को जा रहे है ठीक उसी तरह चंपारण के लोग यात्रा कर रहे है। 

बस, जीप, ऑटो से सफर करने वाले लोग बैरगनिया से ऑटो से फुलवरिया घाट पहुँचकर चचरी पुल से नदी पार करते है फिर पश्चमी घाट पर खड़ी ऑटो, बस, जीप आदि सवारी साधनों से ढाका, चिरैया, मोतिहारी, बेतिया, गोपालगंज, गोरखपुर, चकिया, मेहसी, मोतीपुर, मुजफ्फरपुर सहित बिहार ही नहीं देश के नगरों, महानगरों में जा रहे है। सीओ अमित कुमार ने बताया कि जनहित से जुड़ी इस समस्या के वैकल्पिक समाधान के लिए नगर पंचायत, बैरगनिया के सहयोग से टूटे डायबर्सन स्थल को अगले एक दो दिन में दुरुस्त कर दिया जाएगा जिससे बस, जीप सहित अन्य सवारी वाहनों, मालवाहक छोटी वाहनों की आवाजाही बहाल हो सकेगी। 

कोई टिप्पणी नहीं

Thanks for your valuable feedback.