Breaking News

रक्सौल, हरदिया कोठी को गांधी सर्किट में जोड़े जाने के प्रस्ताव को मुख्यमंत्री ने पर्यटन विभाग को सौंपा





रक्सौल से डी. एन. कुशवाहा की रिपोर्ट-


रक्सौल, हरदिया कोठी की ऐतिहासिक विरासत को गांधी सर्किट में जोड़कर संरक्षित और विकसित किये जाने के डा. स्वयंभू शलभ के प्रस्ताव को गत 16 अगस्त को मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने पर्यटन विभाग को सौंपा है। यह जानकारी मुख्यमंत्री कार्यालय ने डा. शलभ को मेल के जरिये दी है।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा डा. शलभ के प्रस्ताव को  गत 10 अप्रैल और 8 जून को बिहार के शिक्षा सचिव को भेजा जा चुका है।
इस प्रस्ताव में डा. शलभ ने महात्मा गांधी के तीन बार रक्सौल आगमन, उनके आह्वान पर रक्सौल में गांधी विद्यालय की स्थापना एवं हरदिया कोठी से जुड़े तमाम तथ्यों को उपलब्ध कराने के साथ  सत्याग्रह शताब्दी समारोह में रक्सौल की अनदेखी किये जाने का मामला भी उठाया है।
विदित है कि इस प्रस्ताव को डा. शलभ ने 17 दस्तावेजों और साक्ष्यों के साथ गत 12 जून को उपमुख्यमंत्री श्री सुशील मोदी को पटना में सौंपा था जिसे श्री मोदी ने गंभीरता से लिया।
वहीं इस मामले में सम्माननीय प्रधानमंत्री ने सत्याग्रह शताब्दी समारोह के पूर्व गत 4 अप्रैल को डीएम मोतिहारी को मेल भी भेजा था।
बहरहाल यह मामला केंद्र और राज्य के सभी संबंधित मंत्रालयों और विभागों तक पहुंच गया है।उम्मीद की जा सकती है कि सरकार द्वारा इस मामले में जाँच आरंभ होगी और इस विषय में अबतक जो चूक हुई है और इतिहास की जो अनदेखी की गई है उसका सच भी देश और समाज के सामने आएगा।

कोई टिप्पणी नहीं

Thanks for your valuable feedback.