Breaking News

रामगढ़वा:मोतिहारी से रक्सौल तक संध्या 5 बजे ट्रेन चलाने कि की गई माँग

मोतिहारी से रक्सौल तक संध्या 5 बजे ट्रेन चलाने कि की गई माँग
रामगढ़वा से डी.एन.कुशवाहा की रिपोर्ट-
रामगढ़वा-केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय में हिंदी सलाहकार समिति के सदस्य अर्जुन भारतीय ने रेल मंत्री पीयूष गोयल को पत्र लिखकर जिला मुख्यालय मोतिहारी से शाम 5 से 6 बजे के बीच एक ट्रेन रक्सौल के लिए चलाने की मंजूरी देने की मांग की है। जिससे रामगढ़वा , आदापुर प्रखंड समेत अनुमंडलीय शहर रक्सौल तथा पड़ोसी देश नेपाल के नागरिकों को जिला मुख्यालय मोतिहारी से आने -जाने की वर्षों की कठिनाई दूर हो सके।जनहित के इस बेहद महत्वपूर्ण मुद्दे को उठाते हुए उन्होंने लिखा है कि प्रतिदिन रक्सौल से जिला मुख्यालय मोतिहारी आने -जाने वाले हजारों यात्रियों को सुबह तो ट्रेन मिल जाती है । लेकिन लौटते समय 1 बजे दिन के बाद रक्सौल के लिए 10 घंटे के अंतराल पर रात्रि 9:30 से 10 बजे के बीच ट्रेन मिलती है।वह भी अक्सर लेट चलती है ।उन्होंने कहा कि यह कठिनाई यात्रियों को कई वर्षों से झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय सांसद डॉक्टर संजय जायसवाल ने भी अनेको बार रेल मंत्रालय से इस संदर्भ में पहल की है।फिर भी अभी तक यह समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है । ऐसे में इस समस्या के समाधान की दिशा में ठोस  एवं सार्थक आदेश देने की कृपापूर्ण कार्रवाई की जाए ,जिससे हजारों-हजार यात्रियों को रोज-रोज की कठिनाई से निजात मिल सके।

कोई टिप्पणी नहीं

Thanks for your valuable feedback.