Breaking News

शराब के नशे में धुत ड्राइवर चला रहा था स्कूली बस, पुलिस ने पीछा कर धर दबोचा

शराब के नशे में धुत ड्राइवर चला रहा था स्कूली बस, पुलिस ने पीछा कर धर दबोचा
मनीष कुमार उर्फ चुन्नू सिंह, ढाका
पूर्वी चंपारण : जिले के ढाका में मोतिहारी स्थित एक निजी स्कूल का बस चालक सोमवार की सुबह शराब के नशे में गिरफ्तार किया गया है। चालक नशे की हालत में ढाका से मोतिहारी स्कूली बच्चों को लेकर आ रहा था। इसी बीच कुछ लोगों ने बस चालक की हरकत से पुलिस को अवगत कराया।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बस का पीछा किया और चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। चालक प्रवीण कुमार सिंह शिकारगंज थानाक्षेत्र के रूपहरी गांव का निवासी बताया गया है। पुलिस ने उसका मेडिकल कराया है। उसके खिलाफ ढाका थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।बताया गया है कि मोतिहारी शहर के एमएस मेमोरियल पब्लिक स्कूल की बस बच्चों को लेने रोज की तरह आज भी ढाका गई थी। ढाका से बच्चों को लेने के दौरान बस का चालक नशे में था। इस दौरान चालक की हरकत देख स्थानीय लोगों को बच्चों की चिंता हुई और लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बस का पीछा किया और चालक को अपनी अभिरक्षा में लिया।
इस बीच स्कूल प्रबंधन को जैसे ही जानकारी मिली मोतिहारी से तत्काल एक टीम दूसरे चालक के साथ ढाका भेजी गई और बच्चों को सुरक्षित विद्यालय लाया गया। स्कूल प्रबंधन ने चालक को तत्काल प्रभाव से स्कूल से हटा दिया है और इससे पुलिस को अवगत करा दिया गया है। 

कहा-सिकरहना एसएसपी ने
चालक को नशे की हालत में गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद उसे जेल भेजा जाएगा। स्कूल बस को दूसरा चालक लेकर मोतिहारी गया है।
बमबम चौधरी,एएसपी, सिकरहना

कहा-स्कूल अध्यक्ष ने
इस तरह की शिकायत पहले नहीं मिली थी। जैसे ही यह शिकायत आई मोतिहारी से दूसरा चालक ढाका भेजा गया और चालक को तत्काल प्रभाव से बस से हटा दिया गया है। पुलिस उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है।

डा. सीबी सिंह, अध्यक्ष, एमएस मेमोरियल पब्लिक स्कूल, मोतिहारी (पूचं.)

कोई टिप्पणी नहीं

Thanks for your valuable feedback.