Breaking News

पताही से कुख्यात जोनल कमांडर भास्कर समेत तीन नक्सली हथियार के साथ गिरफ्तार

पताही से कुख्यात जोनल कमांडर भास्कर समेत तीन नक्सली हथियार के साथ गिरफ्तार
गिरफ्तार नक्सलियों के साथ एसपी अभियान हिमांशु गौरव,डीएसपी दिनेश पांडेय व अन्य पुलिस पदाधिकारी
चम्पारण टुडे न्यूज डेस्क
पताही:पूर्वी चम्पारण की पुलिस ने पताही थाने के परसौनी कपूर गांव में शनिवार देर रात छापेमारी कर जोनल कमांडर लालबाबू सहनी उर्फ भास्कर समेत तीन नक्सलियों को भारी मात्रा में हथियार के साथ दबोच लिया. लालबाबू सहनी उर्फ भास्कर उर्फ दिनेश उर्फ प्रलय जी शिवहर जिले के तरियानी थाने के औरा मलिकाना गांव का रहनेवाला है. वह माओवादी समूह का जोनल कमांडर बताया जाता है.इसपर मोतिहारी,शिवहर व सीतामढ़ी जिले के विभिन्न थानों में दर्जनों मामले दर्ज हैं.वहीं दूसरा गिरफ्तार नक्सली बलिराम सहनी पताही थाने के परसौनी कपूर गांव का ही निवासी है.इनकी निशानदेही पर रविवार को पकड़ीदयाल से मो. मुस्ताक नामक नक्सली को पकड़ा गया.यह जानकारी पकड़ीदयाल डीएसपी दिनेश कुमार पांडेय ने रविवार शाम पकड़ीदयाल थाने में प्रेस कांफ्रेंस में दी.डीएसपी ने बताया कि नक्सलियों के पास से एक देसी पिस्टल, तीन कारतूस, 315 बोर के बीस कारतूस, पांच डेटोनेटर, 11 हजार लेवी के रुपये, विधानसभा बहिष्कार का पर्चा, तीन लाल पर्चा, एक घड़ी, तीन मोबाइल व नौ सिम बरामद किया गया है.डीएसपी ने बताया कि भास्कर पर 2001 में शिवहर के अवधेश सिंह हत्याकांड, देकुली पुलिस लूट कांड, मधुबन धमाका कांड व सलेमपुर बैंक लूट कांड जैसे कई बड़े मामले दर्ज हैं. इसके अलावा 2005 में पताही लूटकांड व डुब्बा घाट पुलिस मुठभेड़, 2006 में घोड़ासहन पुलिस मुठभेड़ के बाद लूटकांड, जंदाहा में लूटकांड, 2007 में रीगा बैंक लूटकांड व पुलिस मुठभेड़ बेगैना कांड, लदौरा व तुर्की हत्याकांड, शिवहर दफादार हत्याकांड, पीपराही कांड, 2011 में शेखपुरवा में राजेश हत्याकांड में मामला दर्ज है.वहीं गिरफ्तार नक्सली बलिराम सहनी पताही में चार, पकड़ीदयाल थाने में तीन कांड, बैरगनिया में तीन, मधुबन में छह, फेनहारा में तीन कांडों में आरोपित है. वहीं मो. मुस्ताक शेखपुरवा में राजेश हत्याकांड में शामिल था.डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों से थाने में पूछताछ की जा रही है.इनकी निशानदेही पर संभावित ठिकानों पर पुलिस छापेमारी कर रही है.मौके पर अभियान एसपी एचएच गौरव, पताही थानाध्यक्ष नरेन्द्र कुमार, फेनहारा थानाध्यक्ष रोहित कुमार, पुलिस इंस्पेक्टर अशोक कुमार आदि थे.

कोई टिप्पणी नहीं

Thanks for your valuable feedback.