Breaking News

लूटी गयी स्कॉर्पियो से किया गया था छौड़ादानो के दवा व्यवसायी का अपहरण,दो गिरफ्तार

लूटी गयी स्कॉर्पियो से किया गया था छौड़ादानो के दवा व्यवसायी का अपहरण,दो अपहरणकर्ता गिरफ्तार
गिरफ्तार दोनों अपराधियो के साथ प्रेसवार्ता करते एसपी उपेन्द्र कुमार शर्मा व रक्सौल डीएसपी राकेश कुमार
चम्पारण टुडे मोतिहारी से रवि गुप्ता
मोतिहारी : लखौरा से लूटी गयी स्कॉर्पियो से छौड़ादानो के दवा व्यवसायी वसंत लाल साह का अपहरण किया गया था.लूट के बाद गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नम्बर बदल दिया गया था. इंजन व चेसिस नम्बर से स्कॉर्पियो की पहचान की गयी. अपहरण का मास्टर माइंड अरशद है, उसने छतौनी में अपहरण की साजिश रची थी. एसपी उपेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि अपहरण की घटना में शामिल छौड़ादानो तिनकोनी का दूसरा बदमाश लखराज बैठा भी पकड़ा गया. उसके खिलाफ आदापुर थाने में आर्म्स एक्ट के दो मामले दर्ज हैं. पूर्व में भी वह जेल जा चुका है.वहीं मौके पर गुड्डु सिंह पकड़ा गया था. एसपी ने बताया कि स्कॉर्पियो लूट मामले में अनुसंधान चल रहा है. आशंका जतायी कि अपहरण के लिये ही स्कॉर्पियो लूट का खेल किया गया हो. 

लखौरा से लूटी गयी थी स्कॉर्पियो  

लखौरा जेपीएस स्कूल के समीप से बदमाशों ने 22 सितम्बर को स्कॉर्पियो लूट ली. अस्पताल पहुंचाने के लिये फोन कर बुलाया गया और चालक को बंधक बना गाड़ी लेकर फरार हो गये.हाथ-पैर बांधकर चालक को मिश्रौलिया के समीप फेंक दिया.राहगीरों के सहयोग से चालक मुक्त हुआ और थाने पहुंचा. छौड़ादानो के मसही निवासी स्कॉर्पियो चालक अल्ताफ अनवर ने लखौरा थाने में एफआईआर दर्ज करायी थी.
सूद पर दिए गए बकाया रुपये मांग के कारण हुआ अपहरण
छौड़ादानो के दवा व्यवसायी अपहरण का मास्टर माइंड अरशद मियां को दवा व्यवसायी ने मोटी रकम दी थी. जिसका सूद भी बहुत बढ़ गया था. व्यवसायी जब अपने पैसे की मांग करने लगा तो अरशद ने अपहरण की योजना बनायी. दिलीप यादव व अन्य सहयोगियों के साथ छतौनी में योजना बनी.योजना के तहत ही स्कॉर्पियो लूटी गयी. लूट के स्कॉर्पियो से ही व्यवसायी का अपहरण किया गया. 
अपहरण के बाद औराई तक भाग कर गये थे अपराधी  
अपहरण के बाद मुजफ्फरपुर के औराई तक गये. इसके बाद अपराधियों ने फिरौती की मांग की तो पुलिस को लोकेशन मिल गया। उस लोकेशन के आधार पर मोतीपुर, चकिया , मेहसी व पीपरा के समीप वाहन जांच शुरू की गयी.पुलिस से घिरते देख बदमाशों ने मेहसी प्रखंड के कोल्ड स्टोरेज के समीप व्यवसायी को स्कॉर्पियो में छोड़ बदमाश फरार हो गये. मौके पर पहुंची पुलिस व्यवसायी का बंधा हुआ हाथ-पैर खोला और बगल के बगीचे के रास्ते भाग रहा बदमाश गुड्डु सिंह को दबोच लिया. 
पेशाब करने के लिये भी स्कॉर्पियो से नीचे नहीं उतारा  
अपहरण के बाद व्यवसायी को बदमाश अठ्ठारह घंटे तक स्कॉर्पियो में ही घुमाते रहे. व्यवसायी वसंत लाल साह ने बताया कि अपहरण के बाद उसका मुंह दबाकर स्कॉर्पियो के बीच सीट पर सुला दिया.उपर से तीन बदमाश बैठ गये.हाथ-पैर बांध दिया.23 सितम्बर की सुबह जब पेशाब लगा तो पेशाब नहीं करने दिया.फिर थप्पड़ मारते हुये बदमाशों ने बोला कि पैंट में ही पेशाब करो. मजबूरी में ऐसा करना पड़ा.
छापेमारी टीम में शामिल पुलिसकर्मी होंगे पुरस्कृत
एसपी ने घटना के खुलासे के बाद कहा है कि छापेमारी टीम में शामिल पुलिस अधिकारी पुरस्कृत किए जाएंगे. इनमें रक्सौल के पुलिस उपाधीक्षक राकेश कुमार, चकिया के मुंद्रिका प्रसाद, छौड़ादानो के अंचल निरीक्षक अजय कुमार, थानाध्यक्ष पंकज कुमार, विकास कुमार तिवारी, संजीव कुमार, राजेश कुमार, रामबाबू प्रसाद, दिनेश दास, श्यामनारायण प्रसाद आदि शामिल थे.

कोई टिप्पणी नहीं

Thanks for your valuable feedback.