Breaking News

मोतिहारी पुलिस ने नाकाम की बड़ी साजिश,दीपक पासवान गिरोह के 6 अपराधी गिरफ्तार

मोतिहारी पुलिस ने नाकाम की बड़ी साजिश,दीपक पासवान गिरोह के 6 अपराधी गिरफ्तार
प्रेसवार्ता करते एसपी उपेन्द्र शर्मा
चम्पारण टुडे से रवि गुप्ता मोतिहारी की रिपोर्ट
मोतिहारी :- शहर के एक व्यवसायी की रंगदारी के लिए हत्या करने को इकट्ठा हुए दीपक पासवान गिरोह के छह अपराधियो को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से पुलिस ने दो देसी पिस्तौल, 315 बोर के चार जिंदा कारतूस, एक बाइक व दस मोबाइल फोन बरामद किया है। सभी अपराधियों की उम्र पच्चीस से कम बतायी जा रही है। सभी बदमाश कॉलेज व कोचिंग में पढ़ाई के नाम पर शहर के अलग-अलग जगहों पर लॉज में रहते थे और अपराध को अंजाम देते थे। एसपी उपेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि छतौनी बस स्टैंड के पटना प्वाइंट के पास एक व्यवसायी की हत्या के लिए दीपक पासवान गिरोह के सभी अपराधी जुटे थे। सूचना पर डीएसपी पंकज कुमार रावत के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन कर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी की गयी। पुलिस को देख अपराधी भागने लगे। भाग रहे अपराधियो का पुलिस टीम ने पीछा करते बोकानेकाला पताही के मीठू कुमार उर्फ ओमप्रकाश, फेनहारा-राजपुर कॉल मड़पा के अतुल कुमार व छतौनी मठियाडीह के रोहित कुमार को खदेड़ कर पकड़ लिया। जबकि दीपक पासवान उर्फ अविनाश,आसिफ व फरमान भाग निकलने में सफल रहे। पकड़े गये बदमाशों की निशानदेही पर पुलिस ने छापेमारी कर छतौनी के एक निजी विद्यालय के समीप से मुजफ्फरपुर जिले के कटरा थाना क्षेत्र के टेकवारा निवासी उज्जवल कुमार उर्फ रोहण , मुफस्सिल थाने के पटखौलिया निवासी शुभम कुमार तथा मुफस्सिल के ही रूलही निवासी सुमित दास को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि पकड़े गये सभी अपराधी शहर में रहकर पढ़ाई करते थे तथा दीपक पासवान के कहने पर अपराध की घटनाओं को अंजाम देते थे। गिरफ्तार अपराधियो का पहले से कोई अपराधिक इतिहास नहीं रहा है। ये सभी दीपक पासवान के बहकावे में आकर अपराध की दुनिया में उतरे थे। पूछताछ में इन बदमाशों ने शहर के छतौनी में 17 जुलाई की रात किराना व्यवसायी इन्द्रजीत जयसवाल हत्याकांड तथा रंगदारी मांगने की तीन अन्य घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। एसपी ने बताया कि हत्याकांड में पूछताछ के लिए इन्हें रिमांड पर लिया जाएगा।छापेमारी टीम में छतौनी इंस्पेक्टर विजय कुमार यादव, नगर इंस्पेक्टर आनंद कुमार, चकिया इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह, इंस्पेक्टर धर्मेन्द्र कुमार व दारोगा नागेन्द्र सहनी शामिल थे।


कोई टिप्पणी नहीं

Thanks for your valuable feedback.