Breaking News

मोतिहारी :- पहले ही दिन एक्शन में दिखे नये डीएम रमण कुमार

मोतिहारी :- पहले ही दिन एक्शन में दिखे नये डीएम रमण कुमार


नए डीएम रमण कुमार
रवि गुप्ता (चम्पारण टुडे) मोतिहारी
मोतिहारी :- कार्यभार संभालने के बाद नये डीएम रमण कुमार पहले ही दिन से एक्शन में दिखे। गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद उन्होंने सबसे पहले स्थापना, नजारत, राजस्व शाखा समेत विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वहां के काम-काज की स्थिति से अवगत हुए। फाइलों, अभिलेखों के रख-रखाव का भी जायजा लिया। इस दौरान वे कार्यालयों की साफ-सफाई पर भी जोर देते दिखे। निरीक्षण के दौरान डीएम ने पदाधिकारियों व कर्मियों को सरकार की प्राथमिता वाले कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का निर्देश दिया। डीपीआरओ आलोक कुमार ने बताया कि डीएम ने सीडब्ल्यूजेसी, एमजेसी, लोकायुक्त व मानवाधिकार से जुड़े मामलों का निपटारा जल्द करने का निर्देश दिया है। कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। परिवादियों से पूछा, कोई परेशानी तो नहीं: निरीक्षण के क्रम में डीएम जिला लोक शिकायत निवारण कार्यालय भी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने वहां प्रतीक्षालय में बैठे कई परिवादियों से पूछताछ भी की। पूछा कि उन्हें यहां किसी तरह की कोई परेशानी तो नहीं है। मौके पर जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी मनोज कुमार रजक, डीएम के ओएसडी अजय तिवारी उपस्थित थे। गांधी जी से जुड़े स्थलों का किया भ्रमण: कार्यालय में पहले दिन काम-काज शुरू करने से पहले डीएम श्री कुमार ने गांधी जी से जुड़े स्थलों का भ्रमण किया। कलेक्ट्रेट के समीप गांधी उद्यान में लगी गांधी जी की आदमकद प्रतिमा को नमन करने के बाद वे सीधे गांधी संग्रहालय व चंद्रहिया गये।

डीएम के निरीक्षण में गायब मिले कर्मी।
पकड़ीदयाल :- डीएम रमन कुमार ने गुरुवार को करीब 4.55 बजे शाम कई कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इसमें प्रखंड ,अंचल, एसएफसी गोदाम, थाना, हॉस्पिटल, मनरेगा व आरटीपीएस कार्यालय शामिल हैं। इस दौरान प्रखंड व अंचल में अधिकांश कर्मी अनुपस्थित थे। आरटीपीएस कार्यालय के सभी कर्मी उपस्थित मिले। थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अशोक कुमार के आग्रह पर डीएम ने थाने का निरीक्षण किया । डीएम ने बताया कि यहां के सभी कार्यालयों का हाल अच्छा नहीं है। कहा कि कुछ कर्मी को छोड़कर सभी स्टाफ लापता हैं। प्रखंड कार्यालय के मुख्य दरवाजे पर ताला लगा हुआ है । लोग काम कराने के लिए आते हैं तो कार्यालय बंद होने के कारण काम नही हो पाता होगा। इससे स्पष्ट होता है कि यहां बिचौलियों के द्वारा काम किया जाता है । डीएम ने कहा कार्यालयों की लुंज-पूंज व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा। 

कोई टिप्पणी नहीं

Thanks for your valuable feedback.