दूधमुंही बच्ची समेत सोलह घायल
 |
| पलटी हुई बस की तस्वीर |
मोतिहारी - पूर्वी चंपारण जिले में गुरुवार की देर शाम हुई सड़क दुर्घटना में एक महिला यात्री की मौत हो गयी जबकि एक दूधमुंही बच्ची समेत डेढ़ दर्जन अन्य यात्री घायल हो गये। घटना जिले के चकिया अनुमंडल मुख्यालय से केसरिया जाने वाली पथ में कल्याणपुर थाना क्षेत्र के भाग्यनगर चौक के समीप की बतायी जाती है। मिली जानकारी के अनुसार शीत बसंत नामक यात्री बस मुजफ्फरपुर से केसरिया होते हुए बझिया बाजार जा रही थी। इसी दौरान बस जभ भाग्यनगर बोरिंग चौक के समीप तीरछे मोड़ पर पहुंची तो विपरीत दिशा से लापरवाह चालक बोलेरो गाड़ी लेकर सामने आ गया। बोलेरो को बचाने में बस सड़क से उतर कर पलट गयी। बस के पलटे ही घटना स्थल पर कोहराम मच गया। घटना के बाद बस के चालक और उपचालक फरार हो गये। इस घटना में केसरिया थाना क्षेत्र के सिसवा पटना निवासी संजय साह की 32 वर्षीया पत्नी कविता देवी की मौके पर मौत हो गयी। स्थानीय लोगों एवं कल्याणपुर पुलिस के सहयोग से बस में फंसे घायल यात्रियों को बाहर निकाल कर इलाज के लिए चकिया के रेफरल अस्पताल के लिए भेजा गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए डाक्टरों ने छह घायलों बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर और मोतिहारी रेफर कर दिया। घायलों में दूधमुंही सलोनी कुमारी, मुस्कान, केशव साह, प्रमीला देवी, प्रियांशु कुमार, निर्मला देवी, संध्या देवी, रेखा देवी, शीला देवी, गरीमा कुमारी, आलोक कुमार, गीता देवी एवं सज्जदा खातून समेत अन्य शामिल हैं। सभी घायल केसरिया, कल्याणपुर थाना एवं भोपतपुर ओपी क्षेत्र के बताये जाते हैं। कल्याणपुर थानाध्यक्ष संजय स्वरुप दलबल के साथ घटना स्थल पर कैंप कर रहे हैं। भारी संख्या में जूटे लोग रात के अंधेरे में अपनों की तलाश में अभी जूटे हुए हैं।
कोई टिप्पणी नहीं
Thanks for your valuable feedback.