Breaking News

रेल ट्रैक के सहारे पैदल ही समस्तीपुर जा रहे थे 16 युवक, पुलिस ने किया रेस्क्यू



कोरोनावायरस को लेकर पूरे देश में लागू लॉकडाउन के चलते एक जिले से दूसरे जिले में जाने की भी मनाही है. ऐसे में कुछ लोग अपनी जान जोखिम में डालकर पैदल ही सैकड़ों किलोमीटर की यात्रा पर निकल पड़े हैं. सरकार और प्रशासन की अपील के बावजूद लोग लॉकडाउन का उल्लंघन करते नजर आ रहे हैं. ऐसा ही कुछ देखने को मिला बिहार-यूपी से सटे जिले चंदौली में. यहां पर 16 कामगार युवक रेल ट्रैक के सहारे पैदल ही बिहार के समस्तीपुर जिले के लिए निकल पड़े.

पुलिस ने सभी 16 कामगार युवकों को रेस्क्यू किया. बताया जा रहा है कि ये लोग रेलवे ट्रैक के सहारे वाराणसी से समस्तीपुर पैदल ही जा रहे थे. जानकारी के अनुसार, देशव्यापी लॉकडाउन के चलते ये लोग कई दिनों से वाराणसी में भूखे-प्यासे फंसे थे.


केरल के कालीकट से निकले थे युवक


कुछमन स्टेशन के रेलवे प्लेटफार्म पर मौजूद युवक बिहार के समस्तीपुर और छपरा के रहने वाले हैं, जो केरल में रहकर मजदूरी का काम करते थे. कोरोनावायरस के संक्रमण की वजह से जब काम-धंधे बंद हुए तो ये लोग भी केरल के कालीकट से ट्रेन पकड़ कर अपने घरों के लिए चल पड़े. ट्रेन के माध्यम से यह लोग झांसी पहुंचे और झांसी से समस्तीपुर जाने के लिए इन लोगों को दूसरी ट्रेन पकड़नी थी, लेकिन तब तक पूरे देश में भारतीय रेल ने यात्री ट्रेनों का परिचालन रोक दिया था. इसके बाद झांसी से किसी तरह ये युवक वाराणसी पहुंचे. वाराणसी में भी इनको बिहार जाने के लिए कोई साधन नहीं मिला. कई दिनों से भूखे-प्यासे यह लोग इधर-उधर साधन की तलाश करते रहे. साधन न मिलता देख ये पैदल ही रेलवे ट्रैक के सहारे समस्तीपुर के लिए निकल पड़े. लगभग 25 किलोमीटर का सफ़र कर ये लोग चंदौली के कुछमन स्टेशन के पास पहुंचे थे. इस दौरान चंदौली के एसपी हेमंत कुटियाल को इस बात की जानकारी मिल गई.


एसपी ने किया रेस्क्यू, घर भेजने की तैयारी

पुलिस कप्तान ने अपनी टीम को मौके पर भेजा और इन 16 युवकों को रेस्क्यू कराया. इसके साथ ही पुलिस ने इनका मेडिकल चेकअप भी कराया. इन सभी के खाने-पीने का इंतजाम किया. एसपी हेमंत कुटियाल ने बताया कि अब इन युवकों को आगे भेजने की तैयारी की जा रही है. गुरुवार 26 मार्च को निजी वाहन से विशेष अनुमति करा कर चंदौली पुलिस इनको इनके गंतव्य तक भेजने की व्यवस्था कर रही है.

कोई टिप्पणी नहीं

Thanks for your valuable feedback.