Breaking News

मोतिहारी:अपराध की योजना बना रहे पांच अपराधियो को हथियार व मास्क के साथ पुलिस ने किया गिरफ्तार

*_💯📄हथियार व मास्क के साथ पांच गिरफ्तार_*

*_सफलता . अपराधियों की साजिश नाकाम_*

गिरफ्तार अपराधियो के साथ पुलिस की तस्वीर
रवि गुप्ता मोतिहारी
मोतिहारी : पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है. रघुनाथपुर में अपराध की योजना बनाते पांच अपराधियों को हथियार व बम बनाने की सामग्री के साथ गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार अपराधी हत्या व बैंक की कैश वैन लूटने की फिराक में थे.

इससे पहले पुलिस ने उनको गिरफ्तार कर एक बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम कर दिया. अपराधियों के पास से दो देसी पिस्टल, दो कारतूस, दो चाकू, बम बनाने की सामग्री के अलावे छह नकाब व दो मास्क बरामद हुआ है.

एसपी जितेंद्र राणा ने रविवार को प्रेसवार्ता कर अपराधियों की गिरफ्तारी व उनकी प्लानिंग का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों की क्राइम हिस्ट्री खंगाली जा रही है. उनके पास से मिले मोबाइल का सीडीआर भी निकाला जा रहा है.

सीडीआर के जरिए उनके संपर्क में रहने वाले छोटे-बड़े अपराधियों को चिन्हित कियाजायेगा. गिरफ्तार अपराधियों में गिरोह का सरगना पीपराकोठी थाना के बलथरवा गांव का राजू कुमार शामिल है. उसके साथ बलथरवा का नीरज कुमार, संदेश कुमार, पीपराकोठी बड़कुरवा का राजन कुमार व पहाड़पुर थाना के इब्राहिमपुर के नितेश कुमार को गिरफ्तार किया गया है.

एसपी ने कहा कि, रघुनाथपुर में अपराधियों के जमावड़े की सूचना पर सदर डीएसपी पंकज कुमार रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया. इस दौरान रात करीब तीन बजे हथियार के साथ बाइक सवार दो युवक पकड़े गये.

पूछताछ पर दोनों ने पुलिस के साथ जाकर अपने तीन साथियों के ठिकानों को बताया. वहां से हथियार, चाकू व नकाब सहित बम बनाने वाली सामग्री के साथ तीन अपराधी पकड़े गये.छापेमारी में सदर डीएसपी पंकज कुमार रावत, तुरकौलिया थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, रघुनाथपुर ओपी प्रभारी वीरेंद्र कुमार सिंह सहित अन्य शामिल थे.

कोई टिप्पणी नहीं

Thanks for your valuable feedback.