सघन मिशन इंद्रधनुष 2.0 में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल, 2593 बच्चे 458 गर्भवती महिलाओं को किया गया प्रतिरक्षित
• 2 दिसंबर से 12 दिसम्बर तक चला प्रथम राउंड
• 6 जनवरी से शुरू होगा दूसरा चरण
• जागरूकता अभियान व प्रचार प्रसार पर होगा जोर
छपरा: जिले के छह प्रखंडों में नियमित टीकाकरण से वंचित बच्चों एवं गर्भवती माताओं को प्रतिरक्षित करने के लिए सघन मिशन इन्द्रधनुष 2.0 चलाया गया। यह अभियान 2 दिसम्बर से 12 दिसम्बर तक चलाया गया। अभियान के तहत 2264 बच्चे एवं 417 गर्भवती महिलाओं को प्रतिरक्षित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। जिसमें लक्ष्य से अधिक बच्चे व गर्भवती महिलाओं को प्रतिरक्षित किया गया। 2593 बच्चे व 458 गर्भवती महिलाओं को टीका लगाया गया है। पहले चरण में कुल 225 सत्र चलाये गये।
सामुहिक सहभागिता से अभियान सफल: जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ वीरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि सघन मिशन इन्द्रधनुष 2.0 का पहला राउंड काफ़ी सफल रहा है। सभी लक्षित बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को प्रतिरक्षित करने में सफलता मिली है। यह जिले के लिए अच्छी ख़बर है। अभियान के दौरान एएनएम के साथ जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारीयों एवं कार्यकर्ताओं का भी आपेक्षिक सहयोग प्राप्त हुआ। यह अभियान कुल चार चरणों में समाप्त होगा। अभी भी शेष 3 चरण बाकी है। पहले चरण की सफलता को देखते हुए यह उम्मीद है कि बाकी चरण भी ऐसे ही सफ़ल होंगे।
प्रचार-प्रसार रहा कारगर: अभियान की सफलता में प्रचार-प्रसार भी काफ़ी कारगर साबित हुआ। अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार का भी सहारा लिया गया था। अब दूसरे चरण की सफलता को लेकर अभी से हीं तैयारी शुरू कर दी गयी है।
6 जनवरी से चलेगा सेकंड राउंड: सघन मिशन इन्द्रधनुष 2.0 का प्रथम चरण 12 दिसम्बर को समाप्त हो चुका है. दूसरा चरण 6 जनवरी 2020, तीसरा चरण 3 फरवरी 2020, तथा चौथा चरण 2 मार्च 2020 से प्रारंभ होगा।
2593 बच्चे व 458 गर्भवती महिलाओं को किया गया प्रतिरक्षित:
यूनिसेफ के एसएमसी आरती त्रिपाठी ने बताया कि जिले के छह प्रखंडों में 2593 बच्चों व 458 गर्भवती महिलाओं को प्रतिरक्षित किया गया है। जो निर्धारित लक्ष्य से भी अधिक है। अब दूसरे चरण की अभियान को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जायेगा। इसकी तैयारी शुरू कर दी गयी है।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks for your valuable feedback.