अब मोतिहारी सदर अस्पताल में दवा व चिकित्सकों की नहीं रहेगी समस्या; बिहार सरकार के मुख्य सचिव दीपक कुमार ने मोतिहारी दौरे के क्रम में सदर अस्पताल का किया निरीक्षण ।
मोतिहारी से तैयब हसन ताज की रिपोर्ट
मोतिहारी:- बिहार सरकार के मुख्य सचिव दीपक कुमार ने मोतिहारी दौरे के क्रम में गुरुवार को सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्था की जानकारी प्रबंधक विजयचंद्र झा से ली। कायाकल्प योजना में प्रथम स्थान पाने के बारे में पूछते हुए कहा कि जिस बात के लिए इस अस्पताल को यह सम्मान मिला है, उस स्टेंडर को बरकरार रखिए। इसके बाद मुख्य सचिव मेल सर्जिकल वार्ड में गए। वहां की व्यवस्था की जानकारी लेते हुए मरीजों से भी बातचीत की। उनका हाल जानने के क्रम में यह पूछा कि डॉक्टर आते हैं या नहीं, दवा मिलती है या नहीं। यह भी पूछा कि कब से भर्ती हैं, बेड का चादर दिन के अनुसार बदला जाता है कि नहीं, खाना मिलता है या नहीं.. आदि । उन्हें जानकारी मिली कि अस्पताल में दवा की कमी है। मरीजों को बाहर से दवा लानी पड़ रही है। इस संबंध में प्रबंधक ने बताया कि अस्पताल में इसकी बड़ी समस्या है। विगत चार सालों से स्थापना से दवा की खरीद ही नहीं हुई है। एनएचएम से इसकी जैसे-तैसे व्यवस्था की जा रही है। इस बात पर मुख्य सचिव ने अधीक्षक को कहा कि कम से कम बेसिक दवा तो उपलब्ध करवाइए। इस वार्ड में मारपीट के मामले में भर्ती हरसिद्धि प्रखंड के पानापुर गाछी टोला के श्रीकांत प्रसाद एवं पीपराकोठी प्रखंड के चांद सरैया निवासी शेख जवाहिर से मिलकर उनका हालचाल लिया। इस के बाद वे महिला सर्जिकल वार्ड में पहुंचे। वहां भी एक महिला मरीज संगीता प्रसाद जो पेशे से ए ग्रेड नर्स हैं, से व्यवस्था की जानकारी ली। वापसी के क्रम में उन्हें बताया कि दवा की कमी के साथ-साथ इस अस्पताल में हड्डी के डॉक्टर की भी कमी है। यहां अभी ऐसे एक भी चिकित्सक नहीं हैं। महिला चिकित्सकों की कमी पर भी चर्चा हुई। अंत में संवाददाताओं से बात से करते हुए उन्होंने कहा कि यहां की व्यवस्था से मैं संतुष्ट हूं। दवा एवं चिकित्सकों की कमी दूर की जाएगी। मौके पर जिलाधिकारी रमण कुमार, सिविल सर्जन डॉ. बीके सिंह, अस्पताल अधीक्षक डॉ. केएन गुप्ता, उपाधीक्षक डॉ. मनोज कुमार सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks for your valuable feedback.