*मोतिहारी पुलिस ने 64 किमी पीछा कर एक ट्रक शराब पकड़ी,600 कार्टन शराब बरामद,चालक गिरफ्तार*
![]() |
| जब्त शराब के साथ मोतिहारी एसपी जीतेंन्द्र राणा। |
पीपराकोठी (मोतिहारी) : पंजाब से मुजफ्फरपुर लायी जा रही विदेशी शराब की एक बड़ी खेप पकड़ी गयी है. शराब एक डीसीएम ट्रक पर लोड थी. गुप्त सूचना के आधार पर पीपराकोठी पुलिस ने रविवार की रात एनएच-28 पर कोटवा की तरफ जानेवाले फ्लाइओवर के पास ट्रक को पकड़ा. ट्रक की तलाशी के दौरान पुलिस उसपर लोड शराब की सैकड़ों कार्टन देख हैरान रह गयी. ट्रक पर करीब छह सौ कार्टन शराब थी, जिसकी कीमत करीब 40 लाख रुपये बतायी जा रही है.
जानकारी के अनुसार, गोपालगंज जिले के सात थानों की पुलिस ने 64 किलोमीटर तक पीछा करने के शराब लदे ट्रक को पकड़ा. इसमें छह सौ कार्टन विदेशी शराब लदी थी. सूचना मिलने के बाद गोपालगंज पुलिस ने रविवार की रात 11:30 बजे मांझा थाने के कोइनी हाइवे पर जाल बिछाया, लेकिन ट्रक वहां से निकल गया. उसके बाद एसडीपीओ ने बरौली के थानेदार चंद्रिका प्रसाद, सिधवलिया के थानाध्यक्ष अरविंद कुमार, महम्मदपुर के थानाध्यक्ष मुन्ना कुमार को ट्रक का पीछा करने में लगाया. उधर, पूर्वी चंपारण के एसपी, चकिया के डीएसपी, खजूरिया व पीपराकोठी थाने को सूचना देकर अलर्ट कर दिया गया. पुलिस ने 64 किलोमीटर पीछा करने के बाद पीपरा थाना क्षेत्र में ट्रक को पकड़ कर पीपराकोठी थाने को सौंप दिया.
![]() |
| पिपरा कोठी थाने में जब्त शराब का फोटो। |
एसपी ने बताया कि सूचना मिली थी कि डीसीएम ट्रक नंबर एचआर 47बी/6661 से शराब की बड़ी खेप पीपराकोठी से होकर गुजरने वाली है. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अभिषेक रंजन ने सादे लिबास में एनएच पर पुलिसकर्मियों को निगरानी के लिए लगा दिया. इस दौरान शराब लदी ट्रक पकड़ी गयी. एसपी ने कहा कि छापेमारी में शामिल थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया जायेगा.
ट्रक चालक गोविंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है. वह अमृतसर का रहनेवाला है. उसकी निशानदेही पर मुजफ्फरपुर में छापेमारी की जा रही है. शराब की खेप मंगानेवाले मुजफ्फरपुर के कारोबारी की पहचान हो चुकी है.
जितेंद्र राणा, एसपी


कोई टिप्पणी नहीं
Thanks for your valuable feedback.